पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा तत्तापानी में 1995 किलोग्राम दाल और चावल से बनाई गई खिचड़ी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अब तक की सबसे अधिक परोसी जाने वाली खिचड़ी के रूप में दर्ज की गई है। इससे पहले का रिकार्ड 918.8 किलोग्राम का था। घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मकर संक्रान्ति पर तत्तापानी में ‘तत्तापानी महोत्सव’ के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरान्त जन समूह को सम्बोधित करते हुए की। जयराम ठाकुर ने मकर संक्रांति पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी और कहा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति को संजोए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कोलडैम के निर्माण से यह क्षेत्र जलक्रीड़ा के लिए प्रमुख गंतव्य बन कर उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्तापानी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा क्योंकि इस क्षेत्र में जलक्रीड़ाओं की आपार सम्भावना है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध नरसिंह मन्दिर और शनिदेव मन्दिर में पूजा अर्चना की।निदेशक पर्यटन और नागरिक उड्डयन युनूस ने कहा कि इस स्तर पर खिचड़ी बनाने का उद्देश्य तत्तापानी को विश्व पर्यटन के मानचित्र में लाना था। मुख्यमंत्री ने जल क्रीड़ा गतिविधि प्रदर्शन का भी निरीक्षण किया और हिमाचल पथ परिवहन निगम की टूरिज्म सर्किट बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर वाटर जेटी की सवारी का भी आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने तत्तापानी क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सरूर खड्ड से चुराग उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्र के 174 बस्तियां लाभान्वित होंगी।