जय हिन्द न्यूज़/लुधियाना
पंजाब सरकार जेल प्रबंधन में बुरी तरह फेल साबित हो रही है। नाभा जेल ब्रेक कांड के बाद कुछ दिन पहले नाभा जेल में ही कैदी की हत्या मामले की आग अभी ठंडी पड़ी नहीं थी कि आज लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच पहले पत्थरबाजी हुई और फिर जमकर गोलियां चलीं। वीरवार दोपहर किसी बात को लेकर कैदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए और सभी ने एक दूसरे पर जमकर ईंट पत्थर बरसाए। इसमें कुछ कैदी घायल हो गए।जेल कर्मचारी व पुलिस बीच बचाव करने आई तो उन पर भी हमला किया गया। इस बीच दोनों गुटों ने एक दूसरे पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस समय जेल में तनाव का माहौल बना हुआ है। कैदियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। आला अधिकारियों ने जेल की घेराबंदी करने और देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस समय जेल के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। किसी को भी अंदर जाने और बाहर आने की इजाजत नहीं है। बताया जा रहा है कि इस झड़प का फायदा उठाकर कई कैदियों ने दीवार फांदकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें काबू कर लिया गया है। एसीपी संदीप वडेरा घायल हो गए हैं। वहीं कैदियों ने जेल सुपरिटेंडेंट की गाड़ी को भी आग लगा दी है।