जय हिन्द न्यूज़/अमृतसर। पंजाब में अमृतसर के गांव अदलीवाल में रविवार सुबह निरंकारी सत्संग डेरा पर अज्ञात मोटरसाईकल सवारों ने ग्रेनेड फेंका जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत और 10 लोगों के घायल होने की रिपोर्टे हैं। जानकारी के अनुसार आज सुबह राजासांसी के गांव अदलीवाल स्थित निरंकारी सतसंग डेरा पर सत्संग समागम चल रहा था और इसी दौरान मोटरसाईकल सवार तीन अज्ञात लोगों ने ग्रेनेड फेंका। इस हमले में तीन लोगों के मारे जाने और 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को अलग अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। बम की जांच के लिए फाेरेंसिक जांच दल को बुलाया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) परमपाल सिंह गांधी और पुलिस अधीक्षक (डी) हरपाल सिंह घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।