मुंबई से जयपुर जाने वाली जेट एयरवेज की फ्लाइट में एक बड़ा हादसा टल गया। क्रू मेंबर्स की भूल की वजह से फ्लाइट को यात्रा के बीच से ही मुंबई वापस लैंड करना पड़ा। दरअसल, क्रू मेंबर केबिन का प्रेशर स्विच मेंटेन करना भूल गए, इस वजह से विमान दुर्घटना होते-होते बच गई। फ्लाइट में करीब 166 यात्री सवार थे। क्रू मेंबर्स की इस गलती की वजह से करीब 30 यात्रियों के नाक और कान से खून निकलने लगा था। इसके अलावा कई यात्रियों को सिर दर्द की भी शिकायत है। सभी का इलाज के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर ले जाया गया है। बता दें कि जेट एयरेवज का B737 की 9W 697 फ्लाइट मुंबई से जयपुर के लिए रवाना हुई थी। केबिन क्रू स्विच ही ऑन करना भूल गया, जिससे ऑक्सीजन मेंटेन नहीं हो पाई। हादसे के बाद DGCA ने क्रू-मेंबर्स को रोस्टर से हटा दिया है। साथ ही दो पायलटों पर भी कार्रवाई की गई है। इस हादसे के बाद जेट एयरवेज ने बयान जारी किया है। बयान में कहा है कि हादसे के बाद फ्लाइट को मुंबई वापस लाया गया है। फ्लाइट में 166 यात्री, 5 क्रू मेंबर्स सवार थे। जिन यात्रियों को परेशानी हुई है। उनका इलाज किया जा रहा है। जो क्रू मेंबर्स फ्लाइट में थे, उन्हें रोस्टर से हटा दिया है। जब तक इस मामले की पूरी जांच नहीं हो जाती, वो सभी ऑफ रोस्टर ही रहेंगे। सभी यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट का बंदोबस्त किया जा रहा है।