चंडीगढ़ : इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज कृष्ण मुरारी को पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का अगला चीफ जज बनाया गया है। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने उन्हें चंडीगढ़ में आज शपथ दिलवाई। बता दें, जस्टिस कृष्ण मुरारी पंजाब व हरियाणा के चीफ जस्टिस एस.जे.वाजीफदार का पद संभालेंगे जो अब रिटायर हो चुके हैं। न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति हैं और वह अपने कड़े मेहनत, समर्पण और सत्यनिष्ठा तथा सहज व्यवहार के जाने जाते हैं। वह वकीलों के परिवार से संबंधित रहे हैं। उनके चाचा जे.एन.वर्मा इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता थे वह सिविल, संवैधानिक और राजस्व मामलों के जानकार माने जाते थे।