जालंधर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री मोना जायसवाल ने स्थानीय देश भगत यादगार हॉल में आंगनबाड़ी महिला कर्मचारियों के विरुद्ध पंजाब सरकार द्वारा लिए गए फैसले के विरुद्ध कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि पंजाब सरकार आंगनवाड़ी महिला कर्मचारियों के साथ जो धक्काशाही कर रही है, उसे भाजपा कदापि भी बर्दाश्त नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सत्ता में आने से पहले आंगनवाड़ी महिला कर्मचारियों से वादा किया था कि सत्ता में आने पर उनका वेतन बढ़ाया जाएगा, पर आज 13 महीने बीत चुके हैं, यह सभी आंगनवाड़ी महिला कर्मचारी आज सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ धरने पर बैठने पर मजबूर हो चुकी हैं।
मोना जायसवाल ने कहा कि अगर भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार ने जल्द से जल्द इन आंगनवाड़ी महिला कर्मचारियों की मांगें ना मानीं तो भारतीय जनता पार्टी इन आंगनवाड़ी महिला कर्मचारियों की आवाज बनकर सड़कों पर उतरेगी और भगवंत मान सरकार के विरुद्ध कड़ा प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेगी।
मोना जायसवाल ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में महिलाओं को ठगा ही नहीं बल्कि धोखे में रखा है। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए इन्होंने प्रदेश की हमारी बेटियों, बहनों, माताओं को बहुत से प्रलोभन देकर सत्ता हासिल की है, जो कि प्रदेश की महिलाओं के साथ सरासर धोखा है। इन्होंने प्रदेश की सभी 18 साल से ऊपर की महिलाओं को 1000 रुपए हर महीने देने का वादा किया था, जिसका प्रदेश की सभी 18 साल से ऊपर की महिलाओं का सरकार की तरफ 13000 बकाया हो चुका है, जिसको देने के लिए आज तक आम आदमी पार्टी ने कोई भी प्रयास नहीं किया, जो कि सरासर धोखा है।
मोना जायसवाल ने पंजाब सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द प्रदेश की महिलाओं की उचित मांगों को मानकर उन्हें पूरा किया जाए नहीं तो पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा इसका कड़ा संज्ञान लेकर धरने प्रदर्शन किए जाएंगे।