जय हिन्द न्यूज/पठानकोट
पंजाब में विधानसभा चुनाव का चुनावी माहौल बिगड़ता नजर आ रहा है। दरअसल, खबर है कि पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला बोला गया है। बताया जाता है कि इस हमले में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज कराया गया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने इस हमले को लेकर काफी नाराजगी जताई है। अश्विनी शर्मा ने इस हमले को पंजाब के प्रशासन की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकामयाबी बताया है।
दरससल, पठानकोट में अश्विनी शर्मा की ही एक रैली के दौरान BJP कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ। शर्मा का कहना है कि 40-50 बदमाशों ने BJP कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उनके सिर फाड़े। शर्मा ने कहा कि बिना किसी सह के इस प्रकार की गुंडागर्दी नहीं हो सकती है। लोकतंत्र के अंदर सभी को रैली-जुलूस करने का अधिकार है। लेकिन ये सब जो भी हुआ है। यह इस बात का संकेत है कि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल है।
पठानकोट से उम्मीदवार हैं अश्विनी शर्मा
बता दें कि, पंजाब राज्य भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पठानकोट से पार्टी के उम्मीदवार हैं और इस सीट पर अपनी जीत के लिए पूरी जद्दोजहद कर रहे हैं। पंजाब में भाजपा का पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल(संयुक्त) के साथ गठबंधन हुआ है और इस गठबंधन का यह पूरा भरोसा है कि सरकार उसकी बनेगी। बहरहाल, विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को वोटिंग होनी है। 10 मार्च को परिणाम जारी किया जाएगा। तब यह देखना होगा कि पंजाब की सत्ता आखिर किसे मिली है?