प्रॉपर्टी और वीजा फ्रॉड केस में नामजद संजय कराटे सेंटर के मालिक संजय शर्मा गोकल के केस में बचे ट्रेवल एजेंट बलराज सिंह को हरियाणा की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शनिवार को जालंधर के बस स्टैंड के पास गिरफ्तार कर लिया। बलदेव को रविवार को पुलिस पंचकूला कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया है। इस मामले के सामने आते ही जालंधर का भी वो मामला दोबारा चर्चा में आ गया है जिसमें कलात्मक शोरूम के रवि जैन पर US वीजा लगे पासपोर्ट की कॉपी के मिसयूज के आरोप लगे थे और उन्होंने अग्रिम जमानत लेने की कोशिश की थी।
ताजा मामले में बस स्टैंड के निकट किंग्स पंजाब के नाम से बिजनेस करने वाले बलराज सिंह पर किसी के पासपोर्ट पर किसी अन्य को विदेश भेजने का आरोप है। बताया गया है कि अंबाला पुलिस ने चंडीगढ़ के रहने वाले चेतन सभ्रवाल को गिरफ्तार किया था। चेतन ने रिमांड के दौरान माना कि उसने यह सारा काम जालंधर के केपी ट्रैवल्स के मालिक बलराज सिंह से करवाया था।
हरियाणा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के रहने वाले चेतन सभ्रवाल को गत दिवस गिरफ्तार किया गया था जिसके खिलाफ थाना बलदेव नगर, हरियाणा में 19 जून, 2019 को आईपीसी की धारा 420 और 406 के तहत केस दर्ज़ किया गया था। अम्बाला कैंट के तोपखाना बाजार निवासी गुरकिरपाल सिंह ने अंबाला पुलिस को एक शिकायत दी थी कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने बेटे को यूएसए में नासा ट्रिप पर भेजना था। 2.30 लाख में पैकेज तय हुआ। आरोपी चेतन ने फाइल लगवाई और 30 हजार रुपए के अलावा उनके बेटे का पासपोर्ट लिया था।
बताया कि कुछ दिन बाद बेटे युवराज के 10 साल के वीजा की फोटो कॉपी चेतन ने उन्हें व्हाट्सएप की लेकिन बाद में कहा कि बेटे की उम्र कम होने के कारण उसे ट्रिप पर नहीं भेजा जा सकता। उसने उनके बेटे का पासपोर्ट तक वापस नहीं किया। फिर 2016 में दोबारा स्कूल कैंप के तहत विदेश ले जाने का आश्वासन दिया। जनवरी में बहाना लगा दिया कि उसकी गाड़ी से पासपोर्ट चोरी हो गया और डीडीआर की कापी भी व्हाट्सएप पर भेज दी।
इसके बाद 11 जून 2019 को उनकी पत्नी सरबजीत कौर व बेटा युवराज सिंह बड़े बेटे नवजोत सिंह से मिलने के लिए बर्लिन, जर्मनी जाने के लिए वीजा लगवा कर दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर पहुंचे तो वहां पर इमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने उनके बेटे युवराज सिंह को रोक लिया और बताया कि उनका पासपोर्ट कोई गुम नहीं हुआ है, बल्कि उनके पासपोर्ट पर यूएसए का वीजा लगा हुआ है, जिस पर पहले ही एक व्यक्ति यूएसए जा चुका है।
उन्होंने इमीग्रेशन डिपार्टमेंट को एजेंट चेतन सभ्रवाल के बारे में बताया और डीडीआर के बारे में भी बताया, जिसके बाद उन्हें वहां से छोड़ा गया। मामले की शिकायत अंबाला पुलिस को दी गई थी। आरोपी चेतन सभरवाल को अंबाला और पंचकूला पुलिस की गठित एसआईटी ने गिरफ्तार किया था। उसे कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल हुआ था।
हरियाणा पुलिस का जालंधर में हुआ फ्री हैंड
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को इस बार भी हरियाणा पुलिस के एक्शन की भनक तक नहीं लगी। इससे पहले 25 जून को भी हरियाणा पुलिस ने फगवाड़ा गेट में गैंगस्टर अजय की कार के टायर पर गोली चलाकर उसे गिरफ्तार किया और निकल गई। दो घंटे बाद हरियाणा पुलिस की दूसरी टीम ने ही जालंधर पुलिस को के पूरी कार्रवाई के बारे जानकारी दी थी। थाना-6 के एसएचओ सुरजीत ने बताया कि उन्हें इस बारे कोई जानकारी नहीं थी।
कराटे सेंटर के मालिक के विवाद में भी आया था नाम
केपी ट्रेवल्स का मालिक बलराज सिंह संजय कराटे द्वारा की ठगी मामले में भी नामजद था। जांच में पुलिस ने बलराज को आरोपी नहीं पाया। दर्ज मामले के अनुसार पीड़ितों के पैसे दिलवाने के लिए बलराज ने संजय को कई बार फोन किया और मिलकर बात की थी। मगर एक बार संजय ने बलराज की गोली मारकर हत्या करने की बात कही थी। इसके बाद से बलराज ने दोबारा संजय से संपर्क नहीं किया। संजय और उसकी पत्नी पूजा पर ही मामला दर्ज किया है।