बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का थीम ढाबा "He Man" खुलने के 22 दिन बाद ही सील कर दिया गया है। करनाल नगर निगम ने अवैध निर्माण के चलते यह कार्रवाई की। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बने इस ढाबे का उद्घाटन खुद धर्मेंद्र ने 14 फरवरी को किया था। गत दिवस जैसे ही ढाबे को सील करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई तो उसका भारी विरोध हुआ, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। विभाग ने नमस्ते चौक स्थित एक अन्य निर्माणाधीन भवन को भी सील किया। डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि हाईवे पर कई अवैध निर्माण की सूचना निगम के संज्ञान में आई थी। ऐसे निर्माण को रोकने के लिए निगम द्वारा 7 भवन मालिकों को नोटिस दिए गए थे। नोटिस के बाद किसी ने भी उसका सही जवाब देना उचित नहीं समझा, परिणाम स्वरूप इन्हें सील करने का निर्णय लिया गया।