पंजाब में अपने पार्टी चिन्ह "झाड़ू" के तिनके तक खो चुकी आम आदमी पार्टी के नेता भी अपना संतुलन खो चुके लगते है। पार्टी के स्टेट चीफ एवं लोकसभा सांसद भगवंत मान ने गत दिवस चंड़ीगढ़ में एक पत्रकार वार्ता में गुंडई करके यह साबित भी किया। घटना के बाद मान ने न तो माफी मांगी और न ही पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने घटना का कोई संज्ञान लिया जिससे पूरे देश में आप पार्टी के रवैये प्रति रोष पनपा हुआ है। देश भर में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच मीडिया सिटी जालंधर में भी कल 27 दिसबर को भगवंत मान का पुतला फूंका जाएगा। जालंधर में मीडिया की प्रभावी संस्था प्रिंट एंड इलेक्ट्रानिक मीडिया एसोसिएशन (पेमा) के सदस्य डीसी दफ्तर के बाहर मान का पुतला फूंकने जा रहे हैं। प्रधान सुरिंदर पाल ने बताया कि भगवंत मान ने बेहद गलत तरीके से पत्रकारों के साथ बात की, जिसकी वह निंदा करते हैं। इसी के चलते कल भगवंत मान का पुतला फूंका जा रहा है।