Latest News

एशियन गेम्स : हॉकी में भारत का जलवा बरकरार, श्रीलंका को रौंदकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

By JNN/Jakarta

Published on 28 Aug, 2018 05:55 PM.

जकार्ता : भारत ने 18वें एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में श्रीलंका को पूल ए के मुकाबले में 20-0 के बड़े अंतर से रौंदकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। भारत 15 अंकों के साथ पूल में शीर्ष पर रहा। भारत का सेमीफाइनल में पूल बी की दूसरे नंबर की टीम से मुकाबला होगा जो पाकिस्तान और मलेशिया में से कोई हो सकती है। पहले ही क्वार्टर में श्रीलंका पर आक्रामक हमला करते हुए भारतीय टीम ने पहले ही मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक हासिल कर गोल किया और अपना खाता खोला। अपने करियर का 200वां मैच खेल रहे रूपिंदरपाल सिंह ने यह गोल किया। भारतीय टीम को पांचवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा गोल नौवें मिनट में आकाशदीप सिंह ने किया। इसके अगले ही मिनट में टीम को एक और पीसी मिली, लेकिन इस बार भारतीय टीम इसमें विफल हो गई। आकाशदीप ने अगले ही मिनट में 11वें मिनट में एक और गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। श्रीलंका पूरी तरह से कमजोर नजर आ रही थी और ऐसे में पहले क्वार्टर में वह 0-4 से पिछड़ गई। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गोल करना जारी रखा। आकाशदीप ने 17वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत के लिए पांचवां गोल किया। भारत के लिए 21वें मिनट में मिली पीसी को भुनाते हुए हरमनप्रीत ने गोल किया और श्रीलंका को 6-0 से पीछे कर दिया। एक बार फिर फॉर्म में आते हुए आकाशदीप ने 22वें मिनट में ही एक और गोल किया। श्रीलंका पर अपना शिकंजा कसते हुए भारतीय टीम ने पहले हाफ में श्रीलंका को 7-0 से पीछे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में विवेक सागर प्रसाद ने भारत के लिए आठवां गोल किया। आकाशदीप ने अगले ही मिनट में फील्ड गोल कर भारत को 9-0 से आगे कर दिया। हरमनप्रीत ने 33वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए भारत को 10-0 की बढ़त दे दी। यहां मनदीप सिंह ने 35वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया और भारत का स्कोर 15-0 कर दिया। भारतीय टीम को एक बार फिर 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर अमित रोहिदास ने गोल किया और टीम के खाते में 12वां गोल डाला। आकाशदीप ने 43वें मिनट में अपने छठे और मंदीप सिंह ने इसी मिनट में किए गए गोल के साथ भारतीय टीम को 14-0 से आगे कर दिया। चौथे क्वार्टर में श्रीलंका ने काफी समय तक भारतीय टीम को अपने डिफेंस के जरिए रोके रखा, लेकिन 52वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नरक पर रुपिंदर ने गोल कर भारत को 15-0 से बढ़त दे दी। रूपिंदर ने एक बार फिर भारत को मिले 16वें पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 16वां गोल दिया। दिलप्रीत ने 53वें मिनट में, ललित उपाध्याय ने 58वें और मंदीप ने 59वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 20-0 से जीत दिलाई।

Reader Reviews

Please take a moment to review your experience with us. Your feedback not only help us, it helps other potential readers.


Before you post a review, please login first. Login
Related News
ताज़ा खबर
e-Paper

Readership: 295663