Latest News

*हिमाचल में Congress को बड़ा राजनीतिक झटका, 6 बागी विधायक BJP में हुए शामिल*

By JAI HIND NEWS DESK

Published on 23 Mar, 2024 03:02 PM.

जय हिन्द न्यूज/शिमला

 

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को आज उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब अयोग्य ठहराए गए कांग्रेस के बागी छह विधायक राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा भाजपा में शामिल हो गए हैं।  इसके साथ ही तीन निर्दलीय आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में सभी बागी भाजपा में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि अयोग्य ठहराए इन विधायकों की गुरुवार रात भाजपा हाईकमान के साथ हुई बैठक में भाजपा में शामिल होने पर सहमति बनी थी। बैठक में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल मौजूद थे। बागी विधायकों ने भाजपा से बातचीत के लिए राणा को अधिकृत किया था।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए इन सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि पार्टी के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। मोदी सरकार की उपलब्धियों और गारंटी का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि इन सभी नेताओं के पार्टी में आने से भाजपा हिमाचल प्रदेश में और ज्यादा मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई थी और राज्यसभा चुनाव के दौरान जनता का गुस्सा इन 6 कांग्रेस विधायकों द्वारा भाजपा उम्मीदवार को वोट देने के रूप में नजर आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना है और राज्य के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है।

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इन नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों से परेशान होकर ये इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं और पार्टी इनके मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से भाजपा जहां एक ओर राज्य में मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर राज्य में कांग्रेस का सफाया भी हो जाएगा।

Reader Reviews

Please take a moment to review your experience with us. Your feedback not only help us, it helps other potential readers.


Before you post a review, please login first. Login
Related News
ताज़ा खबर
e-Paper

Readership: 295663